संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव भांकरी में एसी से टपक रहे पानी को लेकर पड़ोसियों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि थाना डबुआ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव भांकरी निवासी मुकेश ने बताया है कि वह चार भाई हैं। उनके भाई उदयवीर, संदीप और सुरेश सभी हरिजन मोहल्ले में आसपास मकान बनाकर रह रहे हैं। पड़ोस में चचेरा भाई बुध प्रकाश भी रहता है। उन्होंने बताया कि उनके चचेरे भाई बुध प्रकाश ने अपने मकान की तीसरी मंजिल पर विंडो एसी लगा रखा है। उससे टपक रहे पानी को लेकर पीछे गली में रह रहे मोहरपाल से कहासुनी हो गई थी। उसी के चलते देर रात मोहरपाल ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ उनके भाई उदयवीर के घर पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। इस हमले में उदयवीर, भाई संदीप और बुध प्रकाश घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस टीम अब मामले में कार्रवाई कर रही है।