फरीदाबाद। लघु सचिवालय स्थित सभागार में शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने समाधान शिविर, मुख्यमंत्री विंडो एवं एसएमजीटी पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीसी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिकायतों का निपटारा केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि हर शिकायत का समाधान समयबद्ध, प्रभावी और पूरी संतुष्टि के साथ किया जाना अनिवार्य है। प्रत्येक विभाग को यह सुनिश्चित करना होगा कि समाधान के बाद शिकायतकर्ता से सीधा संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि प्राप्त की जाए। इसके बाद फीडबैक को संबंधित पोर्टल पर अपडेट करना होगा। बैठक में एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एसीपी विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ब्यूरो