अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में रविवार को होने वाली नीट यूजी परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुचारू संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीसी ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने पेयजल की उपलब्धता, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन सिस्टम तथा जैमर की प्रभावशीलता को मौके पर जांचा। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रवेश एवं निकास द्वारों की व्यवस्था, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, परीक्षा कक्षों की निगरानी प्रणाली तथा नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया।
एडीसी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पूर्व सभी उपकरणों एवं व्यवस्थाओं की पुनः जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी मूलभूत सुविधाएं मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई
उन्होंने ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा का आयोजन पूर्णतः स्मूथ, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में कराया जाएगा। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा कोताही किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई भी कर्मचारी अपने दायित्वों के निर्वहन में चूक करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एडीसी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। प्रत्येक केंद्र पर निरीक्षण दल एवं उड़नदस्तों की तैनाती की गई है, जो परीक्षा के दौरान सतत निगरानी बनाए रखेंगे।