फरीदाबाद। सेक्टर-86 स्थित स्लेजहैमर क्रिकेट अकादमी के मैदान पर खेले गए तीसरे स्लेजहैमर प्रीमियर लीग 2020 के फाइनल मैच में एसीसी इलेवन ने एआरसी टीम को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। आकाश उपाध्याय ने 49 गेंदों पर 14 चौके और चार छक्के लगाकर सर्वाधिक 99 रन की दमदार पारी खेली।
फाइनल मुकाबले में एसीसी इलेवल ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। एआरसी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। आशीष सैठी ने 51 रन, विवेक विज ने 31 रन और दीपक शर्मा ने 29 रन की पारी खेली। एसीसी इलेवन के गेंदबाज अंचल सिंगला और संजय भाटिया ने दो-दो विकेट लिए। उदीत मोहन और राजेश बघेल ने एक-एक विकेट लिया।
एसीसी इलेवन ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 16.4 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। आकाश उपाध्याय ने सर्वाधिक 99 रन बनाए। विक्रम धारीवाल ने 33 और उदीत मोहन ने 24 रन बनाए। वहीं, एआरसी के मनीष ने एक विकेट लिया। प्लेयर ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब आकाश उपाध्याय को दिया गया। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के रूप में संजय भाटिया को चुना गया।