फरीदाबाद। नगर निगम की सदन की बैठक सोमवार को आयोजित होगी। चार महीने बाद होने वाली बैठक में 2021-22 का करीब ढाई हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया जाएगा। खास बात यह है कि कोरोना काल को देखते हुए निगम सदन ने किसी प्रकार के टैक्स में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। वहीं नगर निगम अपनी जमीन बेंचकर करीब 1400 करोड़ रुपये की आमदनी जुटाएगा।
नगर निगम के भारीभरकम बजट में इस बार लगभग दो हजार करोड़ रुपये निगम की सेवाओं के मरम्मत कार्य पर खर्च किए जाएंगे। विकास कार्यों पर होने वाले खर्च का बजट पत्र में कोई जिक्र नहीं है। सदन का कहना है कि विकास कार्यों के लिए पैसा सरकार के फंड से ही आएगा। बजट सत्र के साथ ही निगम अधिकारियों द्वारा रखे गए सात प्रमुख मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
निगम की स्थायी आय बढ़ाने पर कुछ नहीं
2021-22 के लिए प्रस्तावित नगर निगम के बजट में इस बार न तो कोई टैक्स बढ़ाया गया है और न ही निगम की स्थायी आय बढ़ाने पर कोई चर्चा है। हालांकि निगम अपनी जमीन बेच कर जरूर आय जुटाने की योजना बनाई है। निगम के उप महापौर मनमोहन गर्ग ने बताया कि कोरोना काल को देखते हुए निगम के बजट में कोई टैक्स बढ़ाने का कोई इरादा नहीं है। शहर में होने वाले विकास कार्यों के लिए सरकार से आने वाले फंड पर ही निर्भर रहना पड़ेगा।
ढाई हजार करोड़ रुपये का होगा बजट
नगर निगम के वित्त अधिकारी विजय धमीजा ने बताया कि इस बार करीब ढाई हजार करोड़ रुपये के बजट का अनुमान है, क्योंकि सरकार ने 24 नए गांवों को निगम की सीमा में शामिल कर लिया है। इस बार बजट पिछले साल की अपेक्षा करीब 111.06 करोड़ अधिक का बजट होगा। वर्ष 2020-21 का कुल बजट 2388.94 करोड़ का बजट पास किया गया था।
मरम्मत पर होंगे दो हजार करोड़ खर्च
नगर निगम पार्षद संदीप भारद्वाज और जयवीर खटाना ने बताया कि इस साल के बजट में निगम करीब दो हजार करोड़ रुपये ऑपरेशन और मरम्मत कार्य पर खर्च करने की योजना है। 40 वार्डों के हिसाब से यह प्रति वार्ड 50 करोड़ रुपये होगी। अगर ईमानदारी से 50 करोड़ रुपये एक वार्ड में खर्च कर दिए जाएंगे तो वहां की तस्वीर बदल जाएगी।