तीन दिवसीय इस सांस्कृतिक आयोजन में लोगों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोहा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-89 स्थित एडोर समृद्धि सोसाइटी में नवरात्र महोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। तीन दिवसीय इस सांस्कृतिक आयोजन में सोसाइटी के बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने गरबा, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
महोत्सव के दूसरे दिन अष्टमी तिथि को माता रानी की चौकी का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रतिदिन की आरती, भजन संध्या और प्रसाद वितरण ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समापन दिवस पर शोभायात्रा, प्रतिमा विसर्जन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। समिति के सदस्यों ने सभी प्रायोजकों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार प्रकट करते हुए विश्वास जताया कि यह परंपरा आने वाले वर्षों में और भी भव्यता के साथ आगे बढ़ेगी।