सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में किया गया प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में बुधवार को स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बल्लभगढ़ खंड के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-14 बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने दम-खम दिखाया।
बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में नवल ने पहला स्थान हासिल किया। इसी स्पर्धा में कुनाल दूसरे, ध्रुव तीसरे और मोहन चौथे स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में कुलदीप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान पाया, जबकि नकुल दूसरे, कार्तिक तीसरे और हितेश चौथे स्थान पर रहे। वहीं 400 मीटर दौड़ में आदित्य ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, नकुल दूसरे, कार्तिक तीसरे और पारस चौथे स्थान पर रहे। 600 मीटर की लंबी दौड़ में पारस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। विपिन को दूसरा और कुनाल को तीसरा स्थान मिला।
बालिका वर्ग में पाखी ने किया बेहतर प्रदर्शन
बालिका वर्ग की स्पर्धाओं में पाखी का दबदबा रहा। पाखी ने 100 मीटर और 200 मीटर दोनों दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। 100 मीटर दौड़ में पाखी के बाद संध्या दूसरे, स्टिफी तीसरे और दितिया चौथे स्थान पर रहीं। 200 मीटर दौड़ में पाखी के बाद आयरा दूसरे, जिया तीसरे और दितिया चौथे स्थान पर रहीं। इसके अलावा 400 मीटर दौड़ में ताप्सिया ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि रूही दूसरे और अंकिता तीसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के अंत में आयोजकों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विजेता खिलाड़ी अब जिला स्तरीय स्पर्धाओं में अपना दम दिखाएंगे।