फरीदाबाद। सेक्टर-19 में सीवर की सफाई के दौरान सफाई कर्मचारी जोगिंदर पहलवान की मौत के मामले में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग के सदस्य करम सिंह कर्मा ने नगर निगम अधिकारियों को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने और पूरी घटना की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम का दावा है कि सुरक्षा उपकरणों और सफाई संसाधनों पर हर वर्ष करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। बावजूद इसके हाल के वर्षों में सीवर और टैंक सफाई के दौरान दम घुटने से कई कर्मचारियों की मौत के मामले सामने आए हैं। विभिन्न कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि मौके पर कई बार आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते जिससे कर्मचारियों की जान जोखिम में पड़ती है।
सफाई कर्मचारी संघ ने दावा किया है कि पिछले वर्षों में हुई ऐसी घटनाओं के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, निजी एजेंसियों के माध्यम से कराए जाने वाले सफाई कार्यों के सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।