35 हजार का बिल पकड़ाया
उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की बैठक में 7 मामलों पर हुई सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बिजली निगम की लापरवाही के कारण आजाद नगर का एक परिवार पिछले 7 दिनों से अंधेरे में रात गुजार रहा है। परिवार का आरोप है कि निगम अधिकारियों ने दो महीने का बिल 35000 रुपये भेज दिया है, जब संबंधित एसडीओ से शिकायत की गई तो कर्मचारी 19 जनवरी को मीटर उखाड़ कर ले गये। पिछले एक सप्ताह से परिवार बिना बिजली के गुजर-बसर कर रहा है। कार्यकारी अभियंता से कई बार शिकायत के बाद सुनवाई न होने पर परिवार ने बुधवार को उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम में गुहार लगाई।
बुधवार को सेक्टर-23 स्थित बिजली दफ्तर में उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की बैठक का आयोजन किया गया। शिकायत लेकर पहुंचे 7 लोगों की समस्याओं पर फोरम के चेयरमैन राजकुमार जाजोरिया ने संबंधित विभाग के एसडीओ की मौजूदगी में सुनवाई की। अधिकांश मामले बिल से संबंधित थे, 5 मामलों की सुनवाई की गई जबकि दो मामलों पर जांच के आदेश दिए गए हैं। इनका फैसला अगली मीटिंग में किया जाएगा। अगली मीटिंग का आयोजन 10 फरवरी को होगा।
-
सोसाइटी के मामले पर हुई सुनवाई
5 महीने में 9 बार सुनवाई के लिए दफ्तर के चक्कर लगा चुके
अंसल रॉयल हेरिटेज सोसाइटी निवासी ऋषि झांब और अनिल की समस्या के समाधान का आश्वासन मिला है। सोसाइटी निवासियों ने बताया कि बिल्डर बिजली बिल सरकार के निर्धारित रेट से अधिक वसूलता है। इसके अलावा सोसाइटी का अलग से सब स्टेशन बनाने की मांग की गई है, जिसके पैसे लोग बिल्डर को पहले ही दे चुके हैं। लोगों ने अलग से बिजली कनेक्शन देने की मांग की है। 30 जनवरी को इस मामले पर फैसला आएगा। चेयरमैन ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। इसके अलावा झाडसेंतली निवासी पीके बसु ने बताया कि वह 1968 से सिक्योरिटी चार्ज भरते आ रहे हैं। विभाग के पास केवल 36 हजार रुपये का रिकॉर्ड है। करीब एक लाख रुपए का रिकॉर्ड विभाग ने गायब कर दिया है। पिछले सात महीनों से शिकायत कर रहे हैं लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। बैठक में जल्द से जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन मिला है।
अधिकारी से बातचीत 7 मामलों पर सुनवाई की गई है, सभा मामले बिल और मीटर से संबंधित थे, अगली मीटिंग से पहले लोगों को सूचित कर दिया जाएगा। सब-डिवीजन स्तर पर कमेटी बनाने की तैयारी की जा रही है।
-राजकुमार जजोरिया, चेयरमैन, उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम
लोगों से बातचीत
दो महीने का बिल ज्यादा से ज्यादा 500 रुपये आता है। बिजली निगम ने 140 यूनिट का बिल 35000 रुपये भेज दिया है। शिकायत दी तो मीटर उखाड़ के लेे गए, अधिकारी ने दो दिनों में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
-कृष्णा, आजाद नगर।
पिछले 5 महीने में 9 बार मीटिंग में शिकायत लेकर आ चुके हैं, 30 को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है। बिल्डर की ओर से सोसाइटी के लोगों को करीब 7 रुपये यूनिट की बिजली दी जा रही है, जिसको कम करने की मांग की गई है।
-ऋषि झांब, अंसल रॉयल हैरिटेज। -