फरीदाबाद सेक्टर 12 तहसील की फाइल फोटो ।
आज से लागू होंगे ऑटो म्यूटेशन सिस्टम और पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0
संपत्ति संबंधी कार्य होंगे अधिक पारदर्शी और ऑनलाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के लोगों को अब संपत्ति की रजिस्ट्री के बाद इंतकाल कराने के लिए अलग से आवेदन नहीं करना पड़ेगा। 23 जून से शुरू हो रही ऑटो म्यूटेशन प्रणाली के तहत रजिस्ट्री होते ही इंतकाल स्वतः दर्ज हो जाएगा और सामान्य मामलों में 24 घंटे के भीतर इसे स्वीकृत भी किया जा सकेगा।
उपायुक्त एवं जिला राजस्व अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री 23 जून को ऑटो म्यूटेशन सिस्टम और पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 का शुभारंभ करेंगे। नई व्यवस्था लागू होने से फरीदाबाद के नागरिकों को तहसील कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और रजिस्ट्री व इंतकाल की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज और पारदर्शी होगी।
पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 के तहत आधार आधारित ई-केवाईसी, ऑनलाइन सत्यापन, क्यूआर कोड प्रमाणीकरण और अतिरिक्त दस्तावेज अपलोड करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। डीटीपी और एनओसी से जुड़े दस्तावेजों की भौतिक प्रतियां जमा कराने की आवश्यकता भी समाप्त हो जाएगी।
डीसी ने बताया कि नागरिक अपने इंतकाल की स्थिति ऑनलाइन देख सकेंगे और जरूरी दस्तावेजों की प्रतियां भी प्राप्त कर सकेंगे। इससे लंबित इंतकाल मामलों में कमी आएगी और भूमि रिकॉर्ड तेजी से अपडेट होंगे। नई प्रणाली से किसानों, भूमि स्वामियों और संपत्ति खरीदने-बेचने वाले लोगों को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं मिल सकेंगी। राजस्व विभाग को भी कार्यों के निस्तारण में तेजी और पारदर्शिता लाने में मदद मिलेगी।