8.94 करोड़ के बजट में साफ-सफाई, कर्मचारियों की सैलरी और बंदरों-कुत्तों से राहत को मिली प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। नगर पालिका की नवनिर्वाचित चेयरपर्सन रेणु लता की अध्यक्षता में आयोजित पालिका की पहली बैठक रही। इस बैठक में सर्वसम्मति से वर्ष 2025-26 के लिए 8 करोड़ 94 लाख 33 हजार रुपए का बजट पारित कर दिया गया। बजट में नगर के विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, कर्मचारियों के वेतन और शहर में बढ़ रही बंदरों और कुत्तों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी गई है।
रेणु लता ने जानकारी दी कि पालिका को आगामी वित्तीय वर्ष में जितनी आय होने का अनुमान है, लगभग उतनी ही राशि खर्च करने की योजना है, जिससे राजस्व और व्यय में संतुलन बना रहेगा। उन्होंने बताया कि पालिका को प्रॉपर्टी टैक्स से 30 लाख, बिजली टैक्स से 35 लाख, स्टाम्प ड्यूटी से 1.50 करोड़,सरकारी अनुदान सी एफ सी से 86 लाख 76 हजार रुपए एवं एस एफ सी से तीन करोड़ 79 लाख 27 हजार रुपए का अनुमान है। नए बजट में सबसे ज्यादा जोर नगर की बुनियादी ज़रूरतों पर दिया गया है। स्थायी कर्मचारियों के वेतन पर एक करोड़, आउटसोर्स कर्मचारियों पर 77.24 लाख, डोर टू डोर कूड़ा उठाने पर 1.20 करोड़ और शेष राशि विकास कार्यों जैसे सड़कों की मरम्मत, सामुदायिक भवन निर्माण और सफाई व्यवस्थाओं पर खर्च की जाएगी।
बंदर और कुत्ते अब नहीं करेंगे परेशान
शहर में लगातार बढ़ रही बंदरों और आवारा कुत्तों की समस्या को देखते हुए भी प्रस्ताव पारित किया गया। चेयरपर्सन रेणु लता ने बताया कि बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा जाएगा, जिसके लिए विशेषज्ञ एजेंसी को टेंडर जारी किया जाएगा। इसके अलावा, कुत्तों की नसबंदी कराने के लिए भी कार्य योजना तैयार की गई है ताकि भविष्य में इनकी संख्या नियंत्रित की जा सके।
हथीन साफ-सुथरा व स्मार्ट बनेगा, नए सामुदायिक भवन बनेंगे
नगर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के सात साल के टेंडर को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा शहर के प्रमुख स्थानों पर डस्टबिन लगाने और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया है चेयरपर्सन ने कहा कि यह बजट सिर्फ आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि हथीन को एक साफ, सुरक्षित और विकसित शहर बनाने की दिशा में पहला ठोस कदम है। नगर के विभिन्न मोहल्लों में प्रजापत चौपाल, बघेल चौपाल, अग्रवाल समाज भवन और राव तुलाराम भवन का निर्माण कराया जाएगा ताकि सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए नागरिकों को एक उपयुक्त स्थान मिल सके।
वित्तीय समिति के सदस्य चुने गए
बैठक में वित्तीय समिति के लिए दो सदस्यों का चयन भी किया गया। वार्ड नंबर 2 के विशाल सिंह और वार्ड नंबर 9 के राजवीर सिंह को समिति में शामिल किया गया, जिनके नाम पर सदन ने बहुमत से सहमति जताई। हालांकि कुछ पार्षदों ने पहले वाइस चेयरमैन के चुनाव की मांग की, लेकिन बहुमत से प्रस्ताव पारित हो गया।
वर्जन
-यह बजट सिर्फ आय और व्यय की गणना नहीं है, बल्कि हथीन के भविष्य की नींव है। हमारी कोशिश है कि हर नागरिक को साफ-सुथरा माहौल, सुरक्षित जीवन और ज़रूरी सुविधाएं मिलें। बंदरों और आवारा कुत्तों से मुक्ति हो, घर-घर से कूड़ा उठे, सफाई दिखे, बुजुर्गों और बच्चों को डर के बिना जीने का हक मिले,यही हमारी प्राथमिकता है।
रेणु लता, चेयरपर्सन
-
बीजेपी के जिला अध्यक्ष की उपस्थिति में कार्यभार संभाला
हथीन। बीजेपी के जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला की उपस्थिति में नगर पालिका चेयरपर्सन रेणु लता ने निर्धारित कक्ष में कार्यभार संभाला। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने कार्यभार सम्भालने पर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मनोज रावत, रेणुलता के पति एवं पूर्व चेयरमैन सुमित राजपूत, भाजपा नेता सुधीर कुमार आर्य,आढ़ती असोसिएशन के पूर्व प्रधान सुखवीर सिंह ,बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान नरेश शर्मा भी मौजूद रहे। संवाद