निगम की टीम ने दो दिन में 27 दुकानदारों के चालान काटे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नेहरू ग्राउंड के आवासीय इलाके में चल रही अवैध लोहा मंडी के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। लगातार शिकायतों के बाद निगम की टीम ने दो दिन में 27 दुकानदारों के चालान काटे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कारोबारी गतिविधियों ने उनकी रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल बना दी है।
नेहरू ग्राउंड के ए, बी और सी ब्लॉक में करीब दो हजार परिवार रहते हैं लेकिन धीरे-धीरे यह इलाका पूरी तरह लोहा बाजार में बदल गया। भारी वाहन हाइड्रा और जेसीबी दिनभर चलते रहते हैं जिससे शोर और धूल की समस्या बनी रहती है। कई दुकानदारों ने सड़क तक सामान फैला रखा है जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
रहवासियों का आरोप है कि यह स्थिति तब है जब सरकार पहले ही व्यापारियों को सेक्टर-59 में लोहा मंडी के लिए प्लॉट दे चुकी है। बावजूद इसके कई व्यापारी वहां जाने के बजाय नेहरू ग्राउंड से ही कारोबार चला रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दुकानदारों ने अपने आवंटित प्लॉट किराए पर दे दिए हैं और यहां अवैध रूप से काम कर रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक ने मंडी को शिफ्ट कराने की पहल की थी और व्यापारियों को समय भी दिया गया था लेकिन अधिकांश ने सामान नहीं हटाया। इसके बाद निगम ने कार्रवाई तेज कर दी। शुक्रवार को 13 और शनिवार को 14 चालान किए गए।
नगर निगम के एसडीओ सुरेंद्र हुड्डा ने बताया कि दुकानदारों ने दुकानों के आगे अतिक्रमण कर रखा है और शिफ्टिंग में सहयोग नहीं कर रहे। प्रत्येक दुकानदार पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने साफ किया कि जब तक इलाके को पूरी तरह खाली नहीं कराया जाता, यह कार्रवाई जारी रहेगी।