सीकरी गांव के फ्लाईओवर के पास हुआ हादसा, साथी गंभीर रूप से घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सीकरी गांव के फ्लाईओवर के पास 13 अगस्त की रात स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में दक्ष राघव ने बताया कि उसके पिता अजय राघव अपने दोस्त पलकधारी के साथ बाइक पर सवार होकर पलवल की ओर जा रहे थे। सीकरी गांव के फ्लाईओवर के पास पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। उन्हें एनएचएआई की एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पलवल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अजय राघव को मृत घोषित कर दिया। पलकधारी को गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से स्कॉर्पियो और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को चौकी परिसर में खड़ा कराया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।