बेटे ने पुलिस आयुक्त को बताई आपबीती, पुलिसकर्मियों पर मिलीभगत का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी दो पुलिस चौकी में एक महिला ने पुलिस के सामने अपने बेटे को थप्पड़ जड़ दिए। बेटे और उसकी पत्नी ने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई कि पुलिस ने उन्हें बहाने से बुलाकर पिटवा दिया। पुलिस आयुक्त ने चौकी प्रभारी और एक एएसआई को सस्पेंड कर दिया है।
एनआईटी दो निवासी एक महिला की अपने पति व बेटों से अनबन चल रही है। इसके चलते दोनों बेटे अपने पिता और पत्नी के साथ मां से अलग रहते हैं। दो दिन पहले एनआईटी दो चौकी में महिला ने शिकायत दी थी कि उसका पति व बेटे घर में घुसकर बाइक व अन्य सामान ले गए। पुलिस ने महिला और उसके बेटों को पूछताछ के लिए चौकी में बुला लिया। महिला के साथ एसजीएम नगर थाने में तैनात एएसआई आस मोहम्मद भी आ गया। आरोप है बेटे को देखते ही मां आग बबूला हो गई और पुलिस के सामने ही उसे पीटना शुरू कर दिया। बेटे के साथ उसकी पत्नी भी मौजूद थी। युवक ने अपनी पत्नी को साथ लेकर पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा और शिकायत दी। उसका आरोप था कि पुलिस ने उनका पक्ष सुनने के बजाय मां का साथ दिया और मिली भगत से उन्हें चौकी में पिटवाया। पुलिस पर भी मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस आयुक्त राकेश आर्य ने चौकी प्रभारी पंकज कुमार व एएसआई आस मोहम्मद को सस्पेंड कर दिया है।