पुलिस प्रवक्ता ने कहा, भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगीसंवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। कर्मचारियाें के प्रदर्शन के बीच पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। हरियाणा सरकार द्वारा न्यूनतम वेतन बढ़ाने की अधिसूचना जारी होने के बाद भी सराय ख्वाजा स्थित मदरसन कंपनी के कर्मचारियों का विरोध जारी है। ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने व्यापक स्तर पर तैयारी करते हुए 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों को हर संभव स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार पिछले दो दिनों से थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में स्थित मदरसन कंपनी के कर्मचारियों द्वारा न्यूनतम वेतन को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। स्थिति पर कड़ी नजर रखते हुए थाना स्तर पर गश्त बढ़ा दी गई है और सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल सरकार द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना पर ही विश्वास करें।