आसपास के लोगों ने बंदरों को भगाया, वीडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्प्रिंग फील्ड कॉलोनी में बुधवार दोपहर स्कूल से बच्चे को लेकर घर लौट रही महिला को बंदरों के झुंड ने घेर लिया। करीब 25 बंदरों के एक साथ हमला करने से महिला सहम गई। घटना दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है।
आसपास के लोगों ने बंदरों को वहां से भगाया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि बंदरों का झुंड आए दिन लोगों को घेर लेता है। कई बार बंदर लोगों पर हमला कर चुके हैं और घरों में भी घुस जाते हैं। इसके चलते लोग घर से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। स्प्रिंग फील्ड कॉलोनी के प्रधान ऋषि मलिक ने बताया कि बंदरों की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। निवासी अंकुर शरण, नफे भाटी, सुरेश व अन्य लोगों ने बताया कि बंदरों के आतंक से कॉलोनी के लोग परेशान हैं। आरडब्ल्यूए की ओर से संबंधित विभाग को शिकायत भेजी गई है।