साइबर थाना एनआईटी की टीम ने की कार्रवाई
12वीं पास आरोपी डिलीवरी का करता है काम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने फोन हैक कर 65 हजार रुपये की ठगी के मामले में दिल्ली के नांगलोई निवासी नितिन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैंक खाते में ठगी की पूरी रकम आई थी। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार गुरुग्राम के सोहना निवासी एक व्यक्ति ने दी शिकायत में बताया कि 27 सितंबर 2026 को वह बल्लभगढ़ के सिकरोना गांव स्थित अपने मेडिकल स्टोर पर मौजूद था। इसी दौरान उसका मोबाइल अचानक हैक हो गया। कुछ समय बाद उसे पता चला कि उसके बैंक खाते से 65 हजार रुपये कट गए हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने नितिन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इस मामले में खाताधारक है और उसके बैंक खाते में ठगी के 65 हजार रुपये आए थे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी की रकम के लेनदेन और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी 12वीं पास है और डिलीवरी का काम करता है। उसे अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।