प्लाॅट में मिला खाली बैग, सिकरोना क्षेत्र में कारोबारी के घर हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सिकरोना पुलिस चौकी क्षेत्र में कारोबारी के घर से अलमारी में रखे 8.10 लाख रुपये चोरी हो गए। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने अलमारी से नकदी निकालकर खाली बैग घर के पास खाली प्लाॅट में फेंक दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिव कॉलोनी निवासी कारोबारी आशीष शुक्ला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने हाल ही में अपना प्लाॅट बेचा था। प्लाॅट बिक्री से मिली करीब 8.10 लाख रुपये की रकम उन्होंने घर की गोदरेज अलमारी में रखी थी। आशीष के अनुसार, 14 जुलाई को उन्होंने बैंक से छह लाख रुपये और 26 जुलाई को डेढ़ लाख रुपये निकालकर अलमारी में रखे थे। इसके अलावा कुछ नकदी पहले से रखी हुई थी। 30 जुलाई की सुबह उनके छोटे भाई मोनू ने घर के पास खाली प्लाॅट में एक बैग पड़ा देखा। बैग खोलने पर उसमें रखी नकदी गायब मिली।
इसके बाद परिवार ने घर में रखी अलमारी की जांच की तो उसका ताला खुला मिला। हालांकि अलमारी की चाबी उसी स्थान पर रखी थी, जहां परिवार उसे हमेशा रखता था। पीड़ित ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर अलमारी से रुपये चोरी किए और बैग को खाली प्लाॅट में फेंक दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सिकरोना चौकी ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।