19.01 लाख रुपये बरामद, 333 शिकायतों का निस्तारण, 2.39 लाख रुपये खातों में फ्रीज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत 25 से 31 जुलाई के बीच कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान विभिन्न मामलों में 19.01 लाख रुपये बरामद किए गए, जबकि साइबर ठगी से जुड़ी 333 शिकायतों का निस्तारण कर 2.39 लाख रुपये खातों में फ्रीज कराए गए।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) हिमाद्री कौशिक के नेतृत्व में जिले के तीनों साइबर थानों ने एक सप्ताह के अभियान में साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से कुल 19.01 लाख रुपये बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान साइबर थाना एनआईटी ने तीन, सेंट्रल ने दो और बल्लभगढ़ साइबर थाने ने चार मामलों का खुलासा किया। इसके अलावा इसी अवधि में साइबर ठगी से जुड़ी 333 शिकायतों का निस्तारण किया गया और पीड़ितों के 2,39,124 रुपये संबंधित खातों में फ्रीज कराए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कुमार, विशाल राणा, अमित यादव, राजन कुमार, रिंकू, तनवीर अली, आयुष, नागेंद्र, अक्षत भास्कर, हरिओम, समीर पाठक, पवित्र सिंह, अविनाश ओला, बॉबी कुमार, विशाल चौहान, आमिर खान, शिवम सिंह, अजय सैनी, विजय यादव, मोहम्मद हम्मद, दिलखुश गुज्जर, लव गुप्ता, आकाश कौशिक, असलम खान, हरिश्चंद्र, दीपेंद्र, ऐश्वर्या वर्धन, रोहित सोनी, गौरव कुमार, अभिषेक, नवीन पालीवाल, सद्दाम हुसैन, विजय कुमार, विनेश कुमार, अल्लाह बख्श, राकेश कुमार, तरसेम, राहुल, सचिन, लाल बाबू और सिकंदर शामिल हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।