लंबी कूद प्रतियोगिता में हासिल की उपलब्धि
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। झारखंड के रांची में चल रहे राष्ट्रीय स्तर एथलेटिक्स खेलों में मोहम्मद साजिद ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फरीदाबाद के खिलाड़ी ने लंबी कूद प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल की। साजिद ने 7.58 मीटर की लंबी छलांग लगाते हुए स्वर्ण पदक पर अपना कब्जा जमाया।
फरीदाबाद मीडिया खेल प्रभारी खेल ने बताया कि इस 64वीं नेशनल ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हरियाणा के कुल 44 पुरुष और 37 महिला एथलीट भाग ले रही हैं। उनमें फरीदाबाद से भी कई खिलाड़ी हैं। उनमें से ही एक साजिद ने राज्य और जिले का नाम रोशन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसके अलावा अन्य जिलों के भी कई खिलाड़ियों ने हरियाणा के लिए खेलते हुए अलग-अलग प्रतियोगिताओं में पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद टीम मैनेजर जसवंत सिवाच और टीम कोच अजय सहरावत ने सभी पदक विजेताओं को शुभकामनाएं दीं और आगामी मुकाबलों के लिए उनका हौसला बढ़ाया।