अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने बुधवार को अपने नागरिक अभिनंदन समारोह में तीसरी बार मनोहर सरकार बनने का दावा किया। मिलन वाटिका में आयोजित समारोह में उन्होंने 75 पार का नारा दिया। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली फरीदाबाद यात्रा है। इस दौरान कई स्थानों पर उनका भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया। प्रदेश अध्यक्ष ने मोदी-मनोहर सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि 9 वर्षों में भाजपा सरकार ने गरीबों, दलितों, शोषितों के लिए काम किए हैं। आज दूर दराज बैठे हुए गरीब लोगों तक सरकार की योजनाएं पहुंच रही हैं। कांग्रेस व विरोधी पार्टियों पर हमला बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में गरीब व्यक्ति पैसा ना होने के कारण उपचार कराने के लिए तरसता था। चुनाव के समय गरीबी हटाओ का नारा देकर कांग्रेस गरीबों से वोट लेकर उनको भूल जाती थी। 2014 के बाद मोदी-मनोहर सरकार ने गरीबों की स्थिति को समझा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे संकल्प लें कि नगर निगम, विधानसभा और लोकसभा चुनाव में कमल खिलाने के अभियान में जुट जाएं।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री मोहनलाल बड़ौली, विधायक नरेंद्र गुप्ता, सीमा त्रिखा, राजेश नागर आदि रहे। इसके अलावा जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व विधायक नगेंद्र भड़ाना, पूर्व मंत्री विपुल गोयल, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, संदीप जोशी, संजीव सैनी, नीरा तोमर, रेणु भाटिया, सुमन बाला, सोहनपाल सिंह, यशवीर डागर, देवेंद्र चौधरी, राजीव जेटली, मनमोहन गर्ग, विजय लोहिया आदि मौजूद रहे।
सरकार बनने में पिछड़ों का बड़ा सहयोग
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें एक कार्यकर्ता बड़े से बड़े पद तक पहुंच सकता है। प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है। उन्होंने कहा कि नायब सैनी इसका जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने नायब के रूप में एक हीरे का चयन किया है। हरियाणा में भाजपा की पिछली जीत में ओबीसी समाज का बड़ा योगदान रहा है। गुर्जर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार में पहली बार 70 में से 27 मंत्री पिछड़े समाज से आते हैं।
-
फरीदाबाद आगमन पर जगह-जगह स्वागत
प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार फरीदाबाद आगमन पर उनका जगह-जगह स्वागत हुआ। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा समाज के वरिष्ठ बुद्धिजीवियों व गणमान्य व्यक्तियों ने बैंडबाजों, ढोल-नगाड़ों से भव्य स्वागत किया। अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा बबली ने भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी का फरीदाबाद पहुंचने पर भगवान परशुराम की प्रतिमा देकर सम्मान किया।