पुलिस व जिला प्रशासन की ओर से जारी किया गया अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पाकिस्तान की ओर से भारत के नागरिकों को टारगेट करते हुए साइबर अटैक की कोशिश की जा रही है। साइबर अटैक के जरिए दुश्मन देश भारतीय नागरिकों की निजी जानकारी चुराने और आर्थिक नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, पुलिस व प्रशासन की ओर से चेतावनी दी गई है कि नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। किसी भी अनजान लिंक, कॉल, ईमेल, व्हाट्सएप मैसेज या सोशल मीडिया फाइल पर क्लिक न करने की सलाह दी जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से देर रात ही इस बारे में सर्कुलर जारी किया गया। वहीं शुक्रवार को फरीदाबाद पुलिस की ओर से भी साइबर हमले से बचाव को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें कहा जा रहा है कि डांस ऑफ हिलेरी नाम की फाइल या .exe फॉर्मेट में भेजे गए किसी भी अज्ञात फाइल या लिंक को बिल्कुल न खोलें। ये फाइलें खोलते ही आपका मोबाइल या लैपटॉप हैक हो सकता है। साइबर अटैक से दुश्मन देश भारतीय नागरिकों के बैंक खाते, निजी दस्तावेज और पर्सनल डाटा चोरी करने का प्रयास कर रहा है।
इन बातों का रखें ध्यान
1. डर या घबराहट पैदा करने वाली किसी भी पोस्ट को शेयर या लाइक न करें। यदि आप ऐसी कोई पोस्ट देखते हैं तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
2. उकसावे भरी पोस्ट न करें । किसी भी समुदाय, धर्म या राष्ट्रीयता के खिलाफ नफरत को बढ़ावा देने वाली किसी भी पोस्ट से बचें।
3. ऐसी कोई भी चीज शेयर न करें जो सांप्रदायिक तनाव पैदा करती हो।
4. प्रामाणिक समाचार और जानकारी के लिए आधिकारिक अकाउंट का ही अनुसरण करें।
5. सोशल मीडिया पर कोई भी apk या .exe फाइल या इमेज न खोलें।
6. ऐसे अज्ञात लोगों के जाल में न फंसें जो हमारे सशस्त्र बलों के बारे में संवेदनशील जानकारी का दुरुपयोग कर सकते हैं।
7. पुष्टि किए बिना सोशल मीडिया पर फैलाई गई झूठी जानकारी पर भरोसा न करें।