संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। विधायक मूलचंद शर्मा ने मंगलवार को बल्लभगढ़ जोन के नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान बल्लभगढ़ के सभी वार्डों में प्रस्तावित एवं प्रगति पर चल रहे विकास कार्यों के साथ-साथ विधानसभा क्षेत्र में जारी अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। यह भी स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने और क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई और कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया। बैठक में कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार सहित संबंधित एसडीओ एवं जेई भी उपस्थित रहे।