एक दिन पहले घायल के बेटे से हुई थी कुछ युवकों की कहासुनी, 7 आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद स्थित मीट मार्केट में युवक से कहासुनी के बाद बदमाशों ने उसके पिता पर फायरिंग कर दी। गोली उनके पैर में लगी। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ओल्ड फरीदाबाद मीट मार्केट निवासी रईस कुरैशी ने बताया कि उनके भाई घायल वकील कुरैशी के बेटे की मार्केट में मीट की दुकान है। बृहस्पतिवार को किसी बात पर लेकर उसकी कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। शाम को मार्केट के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर जाकर उन्हें समझा बुझा दिया था। आरोप है कि शुक्रवार को दोपहर में कई कारों में सवार होकर बड़ी संख्या में युवक मौके पर पहुंचे और फायरिंग कर दी। हमले में एक गोली वकील कुरैशी के पैर में जा लगी और वह गिरकर घायल हो गए। हमलावर बुढ़ैना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। इस मामले में ओल्ड फरीदाबाद के थाना प्रभारी श्रीभगवान ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि अभी हमलावरों का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। वकील कुरैशी का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर पत्थर भी चलने का आरोप
मीट मार्केट में कई गाड़ियों में सवार होकर बड़ी संख्या में युवक आए थे। गोली चलने के बाद मार्केट में दूसरे पक्ष के लोग भी जमा हो गए थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान ईंट-पत्थर भी एक दूसरे पर फेंके गए। आरोपियों के जाने के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो सड़क पर ईंट पत्थर पड़े हुए थे।