फरीदाबाद। गांव मोहना के पास ड्यूटी से घर लौट रहे बिजली कर्मचारी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर कर्मचारी को घायल कर दिया। थाना छांयसा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बलई निवासी अरुण ने बताया कि वह बिजली निगम के खेड़ी कलां सब डिवीजन में कर्मचारी है। तीन सितंबर की शाम को वह ड्यूटी से अपने घर लौट रहा था। मोहना गांव के पास पहुंचकर वह रोड किनारे खड़ा था तभी गांव अमरपुर निवासी रोहित लांबा, मानी रोहित उर्फ टीटू और कुलैना गांव निवासी गौरव उससे गाली-गलौज करने लगे।
अरुण ने बताया कि कुछ समय पहले आरोपी रोहित लांबा और उसके चचेरे भाई सोनू लांबा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उसी का बदला लेने के लिए आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके ऊपर हमला कर दिया। परिजनों ने उपचार के लिए उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। संवाद