किशोरी की हत्या कर उसे यमुना किनारे दफनाने वाले आरोपी वसीम व प्रदीप।
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना क्षेत्र से लापता किशोरी की हत्या के बाद शव को गांव कबूलपुर खादर में यमुना किनारे स्थित एक फार्म हाउस के सामने दबाने के मामले में पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद इस पूरे मामले का सीन री-क्रिएट करेगी। बुधवार को क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने दोनों आरोपियों वसीम और प्रदीप को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया गया। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त कार, फावड़ा व मोबाइल फोन भी बरामद किया जाएगा। इस मामले में फरार तीसरे आरोपी अमर सिंह की तलाश में भी पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।
थाना खेड़ीपुल क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी से 30 अगस्त को लापता 16 वर्षीय किशोरी का शव मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी वसीम की निशानदेही पर गांव कबूलपुर में यमुना के डूब क्षेत्र से बरामद किया था। बुधवार को किशोरी के शव का पोस्टमार्टम पीजीआई, रोहतक में करवाया गया। वहीं इस मामले में प्रदीप पुत्र नरेंद्र निवासी खेड़ा थाना सरधना जिला मेरठ और वसीम उर्फ तोषिम निवासी पिसाय डेटा थाना जिला खुर्जा को बुधवार दोपहर अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से इस हत्याकांड का सीन री-क्रिएट करवाएगी। हत्याकांड को अंजाम देने के लिए कैसे आरोपियों ने किशोरी को घर से बुलवाया, कार कौन चला रहा था और बाकी दोनों आरोपी कहां थे। कार में बैठाकर किशोरी को कहां ले गए और उसकी हत्या कैसे की। हत्या करने के बाद शव को दफनाने के लिए कौन-कौन गया था। यह सारी जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि इस मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी अमर सिंह की तलाश की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने दावा किया है कि जल्द ही अमर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---