- 26 जून की रात वारदात को दिया अंजाम, 2 को प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र की अनंगपुर डेयरी में मजाक को लेकर हुए विवाद में 16 वर्षीय किशोर पर पत्थर से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में किशोर के सिर पर गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिहार के मधुबनी जिले का निवासी 16 वर्षीय शिवजी वर्तमान में अपने परिवार के साथ अनंगपुर डेयरी में रह रहा है। शिकायत में उसने बताया कि 26 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने दोस्तों सोहेब, कृष्णा और आयुष के साथ बाजार से घरेलू सामान खरीदकर लौट रहा था। गली नंबर-5 में सामने से आ रहे पड़ोसी अंकित से तीनों ने मजाक किया। इससे गुस्सा होकर अंकित ने पहले उसको थप्पड़ मार दिए। विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अंकित ने पत्थर उठाकर उसके सिर पर दे मारा, जिससे उसकी बाई आंख के ऊपर माथे पर गंभीर चोट लगी।
उसको तत्काल सेक्टर-37 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन चिकित्सकों ने 27 से 30 जून तक उसको बयान देने के लिए अयोग्य (अनफिट) घोषित किया। एक जुलाई को चिकित्सकों की ओर से फिट घोषित किए जाने के बाद उसका बयान दर्ज किया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट तथा फ्रैक्चर की पुष्टि होने पर सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने आरोपी अंकित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।