कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा मिड डे मील और डीटीएच एसोसिएशन ने रविवार को कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों की मांग है कि उनके मासिक वेतन में वृद्धि की जाए। उनका कहना है कि लंबे समय से उनकी वेतनवृद्धि नहीं हुई है। उन्होंने विपुल गोयल को ज्ञापन देते हुए स्कूल के कर्मचारियों को 24 हजार रुपये मासिक वेतन और मिड डे मील कर्मियों को वर्ष में 12 महीने वेतन दिलाने की मांग की।
हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन जिला फरीदाबाद के प्रधान चतर सिंह ने बताया कि हरियाणा के सरकारी स्कूलों में मिड डे मील कर्मी और डीटीएच चौकीदार लंबे समय से कार्यरत हैं परंतु इन्हें नाममात्र वेतन केवल सात हजार रुपये मासिक मिलता है। इतने वेतन से परिवार का गुजारा नहीं होता है। उन्होंने कहा कि मिड डे मील कर्मियों को वर्ष में केवल 10 महीने ही वेतन मिलता है।
चतर सिंह ने कहा कि डीटीएच चौकीदार वर्ष 2007 से सरकारी स्कूलों में कार्य कर रहे हैं। इसी तरह मिड डे मील कर्मी भी वर्ष 2011 से कार्य कर रहे हैं। इतने लंबे समय से काम करने के बावजूद उनके वेतन में वृद्धि नहीं हुई है। इसके साथ ही संघ के नेताओं ने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो इसके खिलाफ आंदोलन करेंगे।
इस अवसर पर संघ के उप संरक्षक समय सिंह,महासचिव हरबंस,कोषाध्यक्ष मंजू ,कमलेश,गंगोत्री ,सुमन ,राधा,सुशीला,शारदा और लक्ष्मी सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।