फरीदाबाद। विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को सेक्टर-12 के कन्वेंशन हाल में माइक्रो आब्जर्वरों को चुनाव संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के तीनों सामान्य चुनाव पर्यवेक्षकों ने भी माइक्रो ऑब्जर्वरों को चुनाव के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त अतुल कुमार द्विवेदी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल कुमार ने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र व पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने में माइक्रो आब्जर्वर की अहम भूमिका होती है। इसलिए सभी माइक्रो ऑब्जर्वर ड्यूटी को पूरे कर्तव्य के साथ निभाते हुए चुनाव को निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाएं।
उन्होंने कहा कि सभी माइक्रो ऑब्जर्वर निर्वाचन आयोग की ओर से जारी हिदायतों के अनुसार अपना उत्तर दायित्व निभाएं। मतदान केंद्र पर कुछ भी गलत होता दिखाई देता है तो उसकी सूचना तुरंत सामान्य ऑब्जर्वर को दें। उन्होंने कहा कि 21 अक्तूबर को मतदान प्रक्रिया शुरू करने से पहले मॉकपोल अवश्य करवाएं। मॉकपोल की प्रक्रिया उम्मीदवारों व उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुबह छह बजे शुरू करवाई जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार सभी माईक्रो ऑब्जर्वरों को 20,21 और 22 अक्तूबर को ड्यूटी पर ही माना जाएगा। मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद माइक्रो ऑब्जर्वर रिलिविंग सर्टिफिकेट प्राप्त करके ही घर जाएं। उन्होंने कहा कि माइक्रो आब्जर्वर निर्वाचन आयोग की आंख, कान व नाक बनकर ड्यूटी करें।