फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेलवे ट्रैक बाधित करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
फरीदाबाद। लक्कड़पुर फाटक के पास बुधवार रात रेलवे लाइन पार करने के दौरान गतिमान एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत के बाद हुए हंगामे और रेलवे ट्रैक बाधित करने के आरोप में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तुगलकाबाद थाने में 800 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरपीएफ मौके पर बनाए गए वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटा है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
विज्ञापन

बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे लक्कड़पुर फाटक के पास रेलवे लाइन पार करते समय प्रीतमपुरा, नई दिल्ली स्थित इनकम टैक्स कॉलोनी निवासी योगेश की ट्रैन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। योगेश के चचेरे भाई की नवंबर में शादी है। वह शादी के कार्ड बांटने के लिए यहां आया था। योगेश की मौत से गुस्साए स्थानीय लोगों ने लक्कड़पुर रेलवे फाटर के पास ट्रैक पर स्लीपर डाल कर बाधित कर दिया था और खुद भी रेलवे लाइन पर आ गए थे। इसकी सूचना मिलने पर फरीदाबाद और तुगलकाबाद से रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, मगर वे ट्रैक से नहीं हटे।
इस पर जिले के अन्य थानों से भी पुलिस बल मौके पर बुला लिया गया। लगातार यहां होने वाली घटनाओं से परेशान लोग यहां अंडरपास बनाने की मांग कर रहे थे। दिल्ली-मुंबई रेलवे लाइन बाधित होने से दोनों तरफ से आने वाली गाड़ियों को रास्ते में ही रोक दिया गया। साढ़े सात बजे शुरू हुआ हंगामा रात करीब 10 बजे तक चलता रहा। जैसे तैसे लोगों को समझा बुझाकर पुलिस ने उन्हें शांत किया और ट्रैक से हटाया। इस दौरान करीब 15 गाड़ियां लेट हुई।
विज्ञापन

यात्रियों ने लिया मेट्रो का सहारा
रेलवे ट्रैक बाधित होने के कारण आगरा की तरफ से आ रही छत्तीसगढ़ और नवयुग एक्सप्रेस को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया था। ट्रेन में सवार यात्रियों को पता चला कि रेलवे ट्रैक बाधित है और जल्दी उसके खुलने के आसार भी नहीं है तो उन्होंने ट्रेन से उतरकर मेट्रो का सहारा लिया। यात्री मेट्रो पकड़कर दिल्ली पहुंचे।
झेलम एक्सप्रेस पर किया पथराव
रेलवे लाइन पार करने के दौरान युवक की मौत से गुस्साए लोग जब रेलवे ट्रैक बाधित कर रहे थे, उसी दौरान झेलम एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। घटना से नाराज लोगों ने उस पर पथराव कर दिया। हालांकि पथराव में अभी तक किसी को चोट लगने की कोई सूचना नहीं है। वहीं ट्रैक बाधित होने के कारण दिल्ली से आगरा और आगरा से दिल्ली की ओर जाने वाली राजधानी सहित 15 से अधिक ट्रेन प्रभावित हुई। उन्हें तुगलकाबाद, निजामुद्दीन और फरीदाबाद व बल्लभगढ़ स्टेशनों पर रोका गया था।
रेलवे ट्रैक बाधित करने के आरोप में 800-900 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान की जा रही है। घटना के दौरान बनाए गए वीडियो क्लीपिंग से देखकर पता लगाया जा रहा है कि उस समय कौन कौन लोग वहां मौजूद थे। साथ ही लोगों को रेलवे ट्रैक पार नहीं करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर भी रेलवे लाइन पार करने वाले लोगों को समझाया गया।
विज्ञापन

- राज कुमार लांबा, आरपीएफ थाना प्रभारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें