बुजुर्ग और दिव्यांगों के लिए भी बनाया जा रहा अलग दवा काउंटर
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एनआईटी तीन नंबर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में आने वाले मरीज अब अपनी सुविधा के अनुसार दवा ले सकते हैं। अस्पताल की ओर से 24 घंटे वाला काउंटर शुरू कर दिया गया है। जिसमें मरीज व उसके परिजन कभी भी दवा ले सकते हैं। इसके अलावा अन्य मरीजों के लिए भी शुक्रवार से चार और नए काउंटर शुरू कर दिए जाएंगे।
ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में रोजाना करीब 3000 से अधिक मरीज उपचार करवाने के लिए आते हैं। जिसमें फरीदाबाद के अलावा पलवल, होडल, हथीन, पानीपत, गुरुग्राम, सोनीपत, दिल्ली, नोएडा, नूंह आदि जिलों के भी मरीज भी शामिल होते हैं। इन मरीजों को उपचार लेने के बाद दवा के लिए काफी परेशानी होती है। इसी वजह से बृहस्पतिवार से 24 घंटे दवा वाले काउंटर की शुरुआत कर दी गई है। इस काउंटर पर कोई भी व्यक्ति कभी भी आकर दवा ले सकता है। इस काउंटर का सबसे ज्यादा फायदा मेडिकल कॉलेज के आस पास रहने वाले लोगों को मिलेगा। जो देर रात कभी भी आकर दवा को ले सकते हैं। इसके अलावा अस्पताल की ओर से शुक्रवार को चार ओर नए काउंटरों को खोल दिया जाएगा। जिसके बाद मरीजों को दवा लेने में कोई परेशानी नहीं होगी। जिसमें से एक काउंटर दिव्यांग और बुजुर्ग के लिए बनाया जाएगा। जहां पर दिव्यांग और बुजुर्गों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी और वह आसानी से दवा उक्त काउंटर से ले सकेंगे ।
डीन डॉक्टर अनिल कुमार पांडे का कहना है अब मरीज 24 घंटे अस्पताल में आकर दवा ले सकते हैं। एक काउंटर बृहस्पतिवार से शुरू हो गया है, शुक्रवार से चार और नए काउंटर शुरू किए जा रहे हैं।