दवा खरीद और मरीजों के रेफरल से जुड़े मामलों में मुख्यालय ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर और फार्मासिस्ट को निलंबित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई दवा खरीद प्रक्रिया और मरीजों को पैनल के निजी अस्पतालों में रेफर किए जाने से जुड़े मामलों के संबंध में ईएसआईसी मुख्यालय स्तर पर की गई है।
हालांकि संस्थान की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही किसी वरिष्ठ अधिकारी ने कार्रवाई की पुष्टि की है। इसके बावजूद अस्पताल और मेडिकल कॉलेज परिसर में इस विषय को लेकर कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच चर्चा होती रही। सूत्रों के अनुसार निलंबित की गई महिला मेडिकल ऑफिसर पहले उप चिकित्सा अधीक्षक की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। इस पद पर रहते हुए उपकरणों और दवाओं की खरीद संबंधी प्रक्रियाओं के अलावा मरीजों को आवश्यकता अनुसार पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में रेफर करने की जिम्मेदारी भी रहती है। माना जा रहा है कि इन्हीं कार्यों से जुड़े कुछ मामलों की जांच के बाद यह कदम उठाया गया है।
इस घटनाक्रम के बीच संस्थान में पिछले वर्ष हुई कार्रवाई की भी चर्चा रही। कर्मचारियों के बीच यह सवाल उठता रहा कि अगस्त 2025 में निलंबित किए गए दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ अब तक आरोप पत्र दाखिल नहीं किया गया है, जबकि उस मामले को काफी समय बीत चुका है। फिलहाल निलंबन के कारणों और जांच के दायरे को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।