संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से गांव छांयसा स्थित श्री अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज की टीम की ओर से विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की गांवों में जाकर एक्सरे के माध्यम से टीबी की जांच की जा रही है। मेडिकल कॉलेज की टीम सप्ताह में तीन दिन अलग-अलग गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार टीबी की बीमारी समय पर पहचान न होने के कारण गंभीर रूप ले लेती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज की टीम ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की जांच कर रही है, ताकि शुरुआती चरण में ही मरीजों की पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके। मेडिकल कॉलेज के डाॅ. आकाश पोसवाल ने बताया कि जिन लोगों में टीबी के लक्षण पाए जाते हैं, उनकी रिपोर्ट की पुष्टि होने के बाद तुरंत मुफ्त इलाज शुरू किया जा रहा है।