ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-21सी में पारिवारिक विवाद के चलते भांजी के ससुराल पक्ष से बातचीत करने पहुंचे मामा और अन्य रिश्तेदारों पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, मारपीट में कई लोग घायल हुए, जबकि उसकी भांजी जया कंसल ने पांच अक्तूबर को मच्छर भगाने वाला पदार्थ पी लिया।
मामा मनीष गुप्ता की शिकायत पर सूरजकुंड थाने में 8 अक्तूबर को संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सेक्टर-18 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी मनीष गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी भांजी जया की शादी 10 मार्च 2026 को आशीष सिंघल से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग जया को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। जया सेक्टर-13 स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड कार्यालय में नौकरी करती हैं। मनीष का आरोप है कि जया के ससुर कार्यालय जाकर और उसके वरिष्ठ अधिकारियों को फोन करके भी उसे परेशान करते थे।
शिकायत के मुताबिक, पांच अक्तूबर की शाम मनीष अपनी भांजी और अन्य परिजनों के साथ सेक्टर-21सी में बातचीत करने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। विनोद पर मनीष के सिर में लाठी मारने, जबकि अन्य लोगों पर प्रवेश, पीयूष और सुनीता से मारपीट करने का आरोप है। रेणु और अंजली पर जया के साथ मारपीट का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने की बात कही गई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि जया और अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकीय रिकॉर्ड में जया के मच्छर भगाने वाला पदार्थ पीने का उल्लेख है। पुलिस ने आशीष, विनोद, रेणु, अंजली, नरेश, दीपक सिंघल और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।