दो हजार से अधिक भक्तों ने लिया भाग, 3,500 ने ग्रहण किया प्रसाद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आगमन सोसाइटी में मां भगवती की छठी भव्य चौकी बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। चौकी में दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे वातावरण में माता के जयकारों की गूंज रही। वहीं, भजन और आकर्षक झांकियों ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। आयोजन के दौरान पूरा परिसर भक्ति रस में डूबा नजर आया।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता उमेश भाटी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक रतन विशेष रूप से उपस्थित रहे और माता रानी के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन समिति के सदस्य अंकित त्यागी ने बताया कि वर्ष 2020 से आगमनवासी सामूहिक रूप से इस धार्मिक परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं। परंपरा के अनुसार, हर वर्ष शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि को चौकी और दशमी तिथि को भंडारे का आयोजन किया जाता है।
इस मौके पर संगीतकार पंडित शुभम शास्त्री महाराज, प्रमोद शर्मा, जीतू महूर और किरन शर्मा ने प्रस्तुति दी। इस वर्ष आयोजित भंडारे में करीब 3500 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सभी सदस्यों, स्थानीय निवासियों और युवाओं ने अहम भूमिका निभाई।