मायके पक्ष ने पति समेत पांच ससुरालियों पर दर्ज कराई प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। छायंसा थाना क्षेत्र के गांव अटेरना में 18 सितंबर की रात विवाहिता आसरा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के पांच लोगों पर दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के भाई हामिद निवासी गांव रजपुरा, पलवल ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
हामिद की बहन आसरा की करीब ढाई साल पहले मुस्लिम रीति-रिवाज से गांव अटेरना निवासी मुनसरीफ के साथ शादी हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति मुनसरीफ, देवर मुनसाद, ससुर मकसूद, सास माफिया और ननद साबरा दहेज के लिए आसरा को परेशान करते थे। मायके पक्ष का आरोप है कि उससे पांच लाख रुपये या चार पहिया वाहन लाने की मांग की जाती थी और मांग पूरी नहीं होने पर तलाक देने की धमकी दी जाती थी।
हामिद ने शिकायत में बताया कि करीब दो माह पहले आसरा ने बेटे को जन्म दिया था। इसके बाद उसका पति मुनसरीफ मायके पहुंचा और छुछक में पांच लाख रुपये या चार पहिया वाहन देने की मांग की। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार मांग पूरी नहीं कर सका।
रात में मिली बहन की मौत की सूचना
19 सितंबर की सुबह करीब तीन बजे हामिद को उसके फोन पर ससुराल पक्ष से कॉल आया। उसे बताया गया कि आसरा की मौत हो गई है। परिवार के लोग अटेरना पहुंचे तो आसरा का शव घर में मिला। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या साजिश के तहत गला घोंटकर की गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया कै। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।