-यूके एसओएल ने ब्लू रे क्लब को छह विकेट से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेड़ी गुजरान स्थित एकेपी क्रिकेट मैदान पर रविवार को यूके एसओएल ने ब्लू रे को छह विकेट से हराया। यूके की जीत में अनूप की घातक गेंदबाजी और मनोज की अर्धशतकीय पारी ने मुख्य भूमिका निभाई। टी-20 मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने आई ब्लू रे की टीम पूरे ओवर खेलकर महज 121 रन ही बना सकी। ब्लू रे के लिए ललित शर्मा ने 28 और हेमंत प्रजापति ने 23 रन बनाए। यूके के लिए अनूप शर्मा ने तीन और मनरंजन ने दो विकेट झटके।
यूके एसओएल ने सिर्फ 13.5 ओवर में चार विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया। मनोज खटाना ने 44 गेंदों पर 75 रन की पारी से टीम की जीत की पटकथा लिख दी। इसके अलावा हिमांशु ने 19 रन का योगदान दिया। ब्लू रे के लिए ललित और शशि ने एक-एक विकेट लिया। मनोज खटाना को उनकी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।