तीसरी हिंद की चादर यात्रा में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नौवीं पातशाही गुरु तेग बहादुर, भाई सती दास, भाई मती दास और भाई दयाला के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित हरियाणा में आयोजित तीसरी “हिंद की चादर” यात्रा आज सेक्टर-15 स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा साहिब से आरंभ हुई। इस यात्रा का आयोजन हरियाणा सरकार व हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय ऊर्जा एवं आवास मंत्री मनोहर लाल विशेष रूप से शामिल हुए।
मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले 10-11 वर्षों में समाज के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी पहल लागू की हैं। उन्होंने बताया कि इसी प्रयास का एक महत्वपूर्ण भाग संत महापुरुष विचार प्रचार योजना है, जिसका उद्देश्य विभिन्न समुदायों के संतों, महापुरुषों और ऐतिहासिक व्यक्तित्वों की शिक्षाओं एवं आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है, ताकि समाज में सद्भाव, प्रेरणा और सांस्कृतिक मूल्यों का संवर्धन हो सके।
मनोहर लाल ने कहा कि नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर ने अत्याचारों के विरुद्ध धर्म, न्याय और मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी अमर शहादत संपूर्ण मानव समाज को साहस, त्याग और कर्तव्य के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा प्रदान करती है। उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह तथा उनके चारों साहिबजादों के महान बलिदान को नमन करते हुए कहा कि यह गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी इतिहास नई पीढ़ी तक अवश्य पहुंचना चाहिए ताकि उनमें देश, धर्म और मानवता के प्रति समर्पण की भावना सुदृढ़ हो सके।
उन्होंने संगत से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में दर्शन यात्रा में शामिल हों और 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में अपनी पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, नगर निगम फरीदाबाद की मेयर प्रवीण जोशी, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार जगदीश सिंह झिंडा, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के फरीदाबाद पलवल नूंह से सदस्य सरदार रविन्द्र सिंह राणा और भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सचिव अजय गौड़, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।