साथियों के साथ मिलकर वारदात को दिया था अंजाम
आरोपी कंपनी में एरिया बिजनेस मैनेजर के पद पर कार्यरत था
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जूलरी कंपनी से करीब 70 लाख रुपये के गहने और नकदी का गबन करने वाले 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी राजकुमार को वाराणसी पुलिस ने फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कंपनी में एरिया बिजनेस मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने साइबर सेल और सर्विलांस की मदद से उसे फरीदाबाद के सेक्टर-16 इलाके से दबोचा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला सात सितंबर को सामने आया था। वाराणसी के नीचीबाग स्थित मेसर्स काशी मधुरम जूलरी शॉप के फ्रेंचाइजी पार्टनर रितेश कुमार बबूना ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। यह दुकान एस्प्रा कंपनी प्राइवेट लिमिटेड की फ्रेंचाइजी के रूप में संचालित होती है। शिकायत में बताया गया था कि रोहतक जिले के मेहम निवासी राजकुमार ने कंपनी की फ्रेंचाइजी से जुड़े सोने-चांदी के आभूषणों और भारी मात्रा में नकदी का सुनियोजित तरीके से गबन किया। धोखाधड़ी को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी भूमिगत हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इस मामले में सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
वाराणसी के पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सिगरा थाने की पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम वांछित आरोपी की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस और साइबर सेल की तकनीकी सहायता ली, जिससे आरोपी राजकुमार की लोकेशन फरीदाबाद में ट्रेस हुई। लोकेशन मिलते ही वाराणसी पुलिस की टीम तुरंत फरीदाबाद रवाना हुई और 14 नवंबर को सेक्टर-16 स्थित गुर्जर भवन पुलिस चौकी के पास घेराबंदी कर उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया। इस संयुक्त कार्रवाई को सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र, एसओजी और सर्विलांस के अन्य कर्मियों ने अंजाम दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि वाराणसी पुलिस आरोपी को अपने साथ ले जाकर आगे की कानूनी और वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।