सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
जिला शिक्षा अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करने के लिए शिक्षा विभाग जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा। ये कार्यक्रम मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 योजनाओं के तहत होंगे। फरीदाबाद में यह जागरूकता कार्यक्रम चार दिसंबर को आयोजित किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिलों के लिए कार्यक्रम जारी किया है। निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर तैयारियों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों में कार्यक्रम के सुचारु संचालन पर जोर दिया गया है। अभियान की शुरुआत 16 नवंबर को अंबाला से हुई थी। यह अभियान 22 दिसंबर को हांसी में समाप्त होगा। कुरुक्षेत्र जिले का कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर सेंटर कोऑर्डिनेटर के दौरे के दौरान मिशन बुनियाद की कक्षाओं के लिए स्कूल प्रिंसिपल आवश्यक व्यवस्थाएं करेंगे। शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के उद्देश्य और योजनाओं की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।
मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 योजनाएं सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निशुल्क कोचिंग प्रदान करती हैं। यह कोचिंग मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध कराई जाती है। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को सहायता देना है। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इससे उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर मिलते हैं।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ कृष्ण कुमार शर्मा ने जागरूकता कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों को योजनाओं के लाभ के बारे में बताया जाएगा। उन्हें पढ़ाई के अवसरों और भविष्य में कॅरिअर बनाने के विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। यह कार्यक्रम अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करेगा। इससे उनकी प्रतिभा को सही दिशा मिल सकेगी।