फोन हैक कर बैंक खाते व क्रेडिट कार्ड से निकाले थे 7.62 लाख
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एक व्यक्ति के बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से 7.62 लाख रुपये निकालने के मामले में पुलिस ने खाता मुहैया करवाने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। गांव लधियापुर फरीदाबाद निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि किसी ने उसका फोन हैक करके उसके बैंक खाते से 5 लाख रुपये और क्रेडिट कार्ड से 2.62 लाख का लोन लेकर पैसे निकाल लिए। शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना एनआईटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए सुहैल (22) निवासी बुलंदशहर उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि सुहैल ने खाताधारक महराज का खाता लेकर आगे ठगों को दिया था। जिसके खाते में ठगी के एक लाख रुपये आए थे। आरोपी 12वीं पास और पीवीसी लगाने का काम करता है। आगामी पूछताछ के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। खाताधारक महराज को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।