सेक्टर-37 स्थित एक होटल में दिल्ली विश्वविद्यालय की 19 वर्षीय छात्रा अरुणा की हत्या के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने आरोपी विपिन को उसके पैतृक गांव अमेठी (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
शादी के लिए परिवार नहीं था राजी
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रेमी और मृतका एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इससे खुश नहीं था। इसी वजह से दोनों ने साथ में जान देने की योजना बनाई थी। आरोप है कि 23 नवंबर को आरोपी विपिन छात्रा को बहला-फुसलाकर होटल ले गया और पानी में चूहे मारने की दवा घोलकर उसे पिला दी, लेकिन खुद जहर पीने के बजाय वहां से भाग गया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, पीड़िता के भाई ने थाना धौज में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 19 वर्षीय बहन अरुणा 23 नवंबर को घर से पढ़ाई करने के लिए गई थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। इस शिकायत के आधार पर थाना धौज में गुमशुदगी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी।
अगले दिन यानी 24 नवंबर को पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि थाना सेक्टर-37 क्षेत्र के एक होटल में युवती मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान धौज थाना क्षेत्र से लापता हुई डीयू की छात्रा अरुणा के रूप में की गई। इसके बाद भाई के बयान के आधार पर मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी गईं।
गुमराह करने को छोड़ा था नोट और तीन दिन का रिमांड
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा डीएलएफ को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए 28 नवंबर को आरोपी विपिन निवासी टीका मांडिया पुरवा खड़कपुर, जिला अमेठी, यूपी, हाल निवासी गांधी कॉलोनी, कुरैशीपुर, फरीदाबाद को अमेठी से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतका से विवाह करना चाहता था, लेकिन परिवार के राजी न होने और नाराजगी के चलते दोनों ने साथ मरने का फैसला किया था।
23 नवंबर को वह छात्रा को साथ लेकर सेक्टर-37 के होटल में पहुंचा और अपने साथ लाई चूहे मारने की दवा को पानी में घोलकर उसे पिला दिया। छात्रा की मौत के बाद आरोपी खुद जहर नहीं पी सका और मौके से भाग निकला। जांच और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से उसने होटल में अपने मरने से जुड़ा एक नोट भी छोड़ दिया था। शनिवार को आरोपी विपिन को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और साक्ष्यों को लेकर उससे गहन पूछताछ करेगी।