महिला ने परिचित के साथ मिलकर नौकरी दिलाने का दिया था झांसा
- मई 2025 में गूगल-पे से दो खातों में ट्रांसफर कराए थे रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दयाल नगर निवासी युवक से एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने के नाम पर 90 हजार रुपये ठग लिए गए। पड़ोस में रहने वाली एक महिला और उसके परिचित पर यह आरोप है। सूरजकुंड थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायतकर्ता अरविंद ने पुलिस को बताया कि पड़ोस की सोनिया दिल्ली में नौकरी करती थी। सोनिया ने अपने परिचित मंटू से अरविंद का परिचय कराया। उन्होंने एक निजी कंपनी में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया और 90 हजार रुपये मांगे। नौकरी मिलने की उम्मीद में अरविंद ने मई 2025 में गूगल-पे के माध्यम से सोनिया को 80 हजार और मंटू को 10 हजार रुपये दिए। रुपये देने के बाद भी उसे न नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई। पैसे मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत की जांच की गई। जांच के बाद सोनिया और मंटू के खिलाफ दो नवंबर को सूरजकुंड थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पैसे मांगने पर आरोपी गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाते थे। मामले की जांच ग्रीनफील्ड पुलिस चौकी के सहायक उपनिरीक्षक लोकेश को सौंपी गई है।