खेड़ीपुल थाना क्षेत्र में बुधवार रात बहन और जीजा के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे युवक पर उसके जीजा ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने गुस्से में रसोई में रखा चाकू उठाकर युवक पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में युवक के सिर, गर्दन और कंधे समेत शरीर पर छह जगह गंभीर घाव आए हैं। घायल को परिजनों ने उपचार के लिए बीके सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार वजीरपुर रोड, खेड़ीपुल निवासी राजकुमार का बुधवार रात अपनी पत्नी आरती से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने पर आरती का भाई शीनू बीच-बचाव करने के लिए पहुंचा। शीनू अपनी बहन के घर ही रहता है। आरोप है कि विवाद शांत कराने के प्रयास के दौरान राजकुमार गुस्से में आ गया और रसोई में रखा चाकू उठा लिया।
इसके बाद आरोपी ने शीनू पर चाकू से कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले में शीनू संभल नहीं सका और उसके सिर, गर्दन, कंधे समेत शरीर के छह हिस्सों पर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी राजकुमार मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल शीनू को तत्काल बीके सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद खेड़ीपुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस विवाद के कारणों के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।