पलवल। चांदहट थाना क्षेत्र में बडौली गांव के पास तेज रफ्तार ईको कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई। वहीं, उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टप्पा गांव निवासी बलराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 मार्च की रात करीब नौ बजे वह अपने दोस्त रिंकू, निवासी इंद्रपुरी मोहल्ला, पलवल के साथ बाइक पर सवार होकर टप्पा से पलवल की ओर जा रहा था। बाइक रिंकू चला रहा था। जैसे ही वे बडौली गांव के समीप पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार ईको कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलराम उछलकर सड़क किनारे जा गिरा, जबकि रिंकू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायल रिंकू को पलवल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। संवाद