जहरीला पदार्थ खाने से व्यक्ति की मौत, बेटी ने पुलिस प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर आत्महत्या का लगाया आरोप
बेटी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज, पुलिस बोली- सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच जारी
बल्लभगढ़
संवाद न्यूज एजेंसी। सेक्टर-12 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। मृतक की बेटी ने सदर थाना बल्लभगढ़ पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके पिता लंबे समय से मानसिक तनाव, कथित पुलिस प्रताड़ना और कुछ लोगों की धमकियों से परेशान थे। इसी कारण उन्होंने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दयालपुर के हुड्डा मोहल्ला निवासी काजल ने अपनी शिकायत में बताया कि 20 मई 2024 को अरुण नामक व्यक्ति के साथ हुए विवाद में उनके पिता जोगिंदर के सिर में गंभीर चोट लगी थी। इस संबंध में सदर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कराया गया था जिसकी जांच तत्कालीन जांच अधिकारी सिपाही अब्दुल वारी कर रहे थे।
शिकायत के अनुसार मामला दर्ज होने के बाद परिवार पर समझौते का दबाव बनाया गया और कार्रवाई को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। परिवार ने इसकी शिकायत पुलिस आयुक्त कार्यालय में भी दी थी। आरोप है कि इसके बावजूद परिवार को थाने बुलाकर समझौते के लिए दबाव डाला जाता रहा लेकिन उन्होंने समझौता करने से इनकार कर दिया।
बेटी ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि एक पुलिस अधिकारी ने कार्रवाई से इनकार करते हुए कथित रूप से जहां शिकायत करनी है वहां कर लो जैसी टिप्पणी की थी। इसके बाद उनके पिता मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अरुण, सुरेंद्र, बाबी उर्फ अभिषेक, नील कमल, स्नेहा, राखी, दक्ष और गुरमीत सहित कुछ लोगों द्वारा परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही थीं, जिससे पूरा परिवार तनाव में था।
शिकायत के अनुसार, 12 जून को जोगिंदर घर से बाहर गए थे। वापस लौटने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सेक्टर-12 स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का दावा है कि चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि मौत जहरीला पदार्थ सेवन करने के कारण हुई है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, शिकायत में नामजद लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
-मोहित