बल्लभगढ़। बेटे की मौत की खबर सुनकर गांव जा रहे पिता को रास्ते में एक तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। इसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना सदर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-30 श्रमिक विहार निवासी मोनू ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से सुजानगढ़ उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। मंगलवार को उनके पास फोन आया कि गांव में उनके भतीजे की मौत हो गई है। बेटे की मौत की खबर सुनते ही उसका भाई दिनेश और वह साइकिल से अपने गांव की तरफ निकल पड़े। रात करीब साढ़े दस बजे चंदावली चौक से थोड़ा आगे निकलते ही एक तेज रफ्तार वाहन ने भाई को टक्कर मार दी। इसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अंधेरा होने के कारण वह वाहन को सही से देख नहीं पाया। थाना सदर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।