फरीदाबाद के नेहरू कॉलोनी इलाके में ड्यूटी से घर लौट रहे एक युवक को शराबियों ने घेर लिया और पैसे मांगने लगे। मना करने पर आरोपियों ने युवक के सिर में बोतल दे मारी और भाग गए। घटना सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर जाकर युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत स्थिर है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नेहरू कॉलोनी निवासी रवि उर्फ मिथुन ने पुलिस को बताया कि एक मोटर गैरेज पर काम करता है। शुक्रवार रात दुकान से घर जा रहा था। रास्ते में कॉलोनी के लाला, लवली, गोली व अर्जुन ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। रवि ने इसके लिए मना कर दिया। इस बात से नाराज युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और सिर पर शराब की बोतल मारकर घायल कर दिया।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और रवि के परिजन मौके पर पहुंचे। इससे पहले आरोपी मौके से भाग गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।