आरोपी के खाते में आये थे ठगी के रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ऑनलाइन ट्रक बुकिंग के नाम पर 35 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने खाताधारक को उत्तर प्रदेश के कायमगंज से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव धरमपुर निवासी बिमलेश के रूप में हुई है, जिसके बैंक खाते में ठगी की राशि ट्रांसफर की गई थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
दयाल नगर निवासी पीड़ित ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी कि 21 मार्च को वह अपनी कंपनी का सामान भेजने के लिए गूगल पर ट्रक बुकिंग के लिए नंबर तलाश रहा था। इसी दौरान एक अनजान नंबर से उसके पास कॉल आया और 70 हजार रुपये में सामान भेजने का सौदा तय हुआ। जालसाज ने एडवांस के तौर पर आधे पैसे भेजने को कहा, जिस पर पीड़ित ने बताए गए नंबर पर 35 हजार रुपये भेज दिए। पैसे मिलते ही आरोपियों ने मोबाइल बंद कर दिया और उनसे संपर्क टूट गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि जांच के दौरान बिमलेश का नाम सामने आया, जो पांचवीं पास है और फिलहाल बेरोजगार है।