संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में सोमवार को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर लोकल शटल ट्रेन में भरे हुए महिला कोच में कई पुरुष यात्री यात्रा करते हुए नजर आए। साथ ही कई यात्री जान जोखिम में डालकर रेल की पटरियों से होकर प्लेटफॉर्म पार करते हुए नजर आए। उन्हें रोकने के लिए कोई सुरक्षाकर्मी तक मौजूद नहीं था। वहीं महिला कोच में पुरुषों के बैठने के कारण कई महिलाओं को नीचे बैठना पड़ा ।
महिला यात्रियों ने बताया कि भीड़ के चलते वैसे ही सीट नहीं मिलती है, पुरुषों के कोच में आ जाने के बाद नीचे बैठने या खड़े होने में भी बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वहीं महिला कोच में सफर कर रहे कुछ पुरुष यात्रियों ने बताया कि हमारी गलती नहीं है। हर एक डिब्बे (कोच) में इतनी भीड़ है कि समझ ही नहीं आता है कि किस डिब्बे में बैठा जाए। एक दम से आती भीड़ के बीच जो नजर आता है उसमें बैठ जाते हैं।